NEW ARRIVALS

New book titles available in the shop

Checkout Now!

new books banner

पूर्व विश्व चैंपियन डिंग लिरेन से बातचीत: खेल, इंजन और आराम

by जोनाथन झी - 14/03/2026

मार्च की शुरुआत में जोनाथन झी को डिंग लिरेन के साथ एक लिखित इंटरव्यू करने का अवसर मिला। उनके उत्तर चीनी भाषा से अनुवादित हैं; मूल उत्तर उपलब्ध हैं। इस इंटरव्यू के प्रश्न डिंग द्वारा पहले दिए गए इंटरव्यू, लेखों, पॉडकास्ट और टीवी कार्यक्रमों से प्रेरित हैं, विशेषकर चीनी भाषा के स्रोतों से। जोनाथन ने कॉलेज के दौरान पेशेवर शतरंज को फॉलो करना शुरू किया। कुछ समय बाद उन्हें महसूस हुआ कि कई दिलचस्प खिलाड़ी मीडिया में अपने विचार पूरी तरह व्यक्त नहीं कर पाते। इसी वजह से उन्होंने इंटरव्यू करना शुरू किया ताकि ऐसे खिलाड़ियों को अपने विचार, कहानियाँ और व्यक्तित्व साझा करने का अवसर मिल सके। पढ़िए पूर्व विश्व चैंपियन डिंग लिरेन के साथ यह दिलचस्प बातचीत।



कुछ हल्के-फुल्के सवाल

टाटा स्टील 2024 से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अच्छे मूड में डिंग लिरेन | फोटो: मारिया एमेलियानोवा

जोनाथन झी: आपको एक उपनाम “एयरक्राफ्ट कैरियर” भी मिला है। यह कहाँ से आया?

डिंग लिरेन: यह मेरे साथी खिलाड़ी नी हुआ ने दिया था। उनका कहना था कि मैं दिशा बदलने में थोड़ा धीमा हूँ, जैसे एक एयरक्राफ्ट कैरियर। (हँसते हुए) या शायद इसका मतलब यह भी हो सकता है कि मैं बहुत शक्तिशाली हूँ—समुद्र का शासक, जिसके पास बहुत सारे हथियार (नई चालें) हैं।

जोनाथन: कॉलेज के समय आपको कुछ अनिवार्य सैन्य प्रशिक्षण करना पड़ा था और उस दौरान आप समय बिताने के लिए शतरंज के बारे में सोचते थे। इसके बारे में थोड़ा बताइए।

डिंग: हाँ, कॉलेज के पहले वर्ष के बाद की गर्मियों में मुझे विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सैन्य प्रशिक्षण में भाग लेना पड़ा। उस दौरान मेरा मन अक्सर शतरंज की ओर चला जाता था। लंबे समय तक सावधान मुद्रा में खड़े रहना और रात में पहरेदारी करना काफी उबाऊ होता था। उस बोरियत से बचने के लिए मैं अपने दिमाग में ओपनिंग्स के बारे में सोचता था और खुद से ही खेल खेलने लगता था। मुझे याद है कि मैंने ओल्ड इंडियन डिफेंस में एक गैम्बिट वेरिएशन सोचा था। लेकिन वह कभी खेल में इस्तेमाल नहीं हुआ और समय के साथ खो गया।

जोनाथन: आपका बैडमिंटन कैसा है? शतरंज के अलावा और क्या करते हैं?

डिंग: मेरा स्तर ठीक-ठाक है; अभी डबल्स में मेरी जीत का प्रतिशत लगभग 47% है। वेनझोउ में मैं हर हफ्ते बैडमिंटन खेलने का समय तय करके रखता हूँ। इसके अलावा मुझे फुटबॉल देखना और अपनी पसंदीदा टीम के परिणामों को फॉलो करना भी पसंद है। कुल मिलाकर मेरा जीवन अब भी काफी हद तक खेलों के इर्द-गिर्द ही घूमता है।

बील शतरंज महोत्सव 2013 में युवा डिंग लिरेन

शतरंज का आनंद, प्रतिस्पर्धा और इंजन का उपयोग

जोनाथन: आपने पहले कहा था कि शतरंज खिलाड़ी बनना एक व्यावहारिक विकल्प भी था, क्योंकि पढ़ाई के मुकाबले यह रास्ता आसान था। इन बातों से अलग, क्या आपको शतरंज खिलाड़ी होना पसंद है?

डिंग: मुझे अपनी वर्तमान स्थिति काफी पसंद है। मेरा मतलब है कि अभी मेरी रेटिंग निष्क्रिय है और मैं बहुत कम एलीट टूर्नामेंट खेलता हूँ। इस तरह मुझे जीवन में एक दुर्लभ खाली समय मिला है, जिसका मैं आनंद ले रहा हूँ।

जोनाथन: कई खिलाड़ी अपनी प्रेरणा के बारे में बताते समय खास लक्ष्यों का जिक्र करते हैं, जैसे कैंडिडेट्स तक पहुँचना। लेकिन आपने तो उन शिखरों को पहले ही हासिल कर लिया है। अब आपको प्रेरणा कहाँ से मिलती है?

डिंग: आनंद से। मैं कभी-कभी ऑनलाइन गेम खेलता हूँ। इसमें भारी तैयारी की जरूरत नहीं होती, बस उस पल पर पूरा ध्यान देना होता है। यही प्रक्रिया अपने आप में संतोषजनक है।

जोनाथन: आपके करियर में शतरंज के प्रति आपका आनंद कैसे बदला? आपको सबसे ज्यादा आनंद कब आया?

डिंग: लगभग हमेशा से एक जैसा रहा है। एक छोटे से समय को छोड़कर मैंने हमेशा इस प्रेम को संभालकर रखा है। चूँकि मैं बहुत ज्यादा टूर्नामेंट नहीं खेलता, इसलिए मुझे आराम के लिए पर्याप्त समय मिलता है। पिछले कुछ वर्षों में मैंने अपने प्रशिक्षण के तरीके भी बदले हैं, जिससे लंबे समय तक टिके रहना आसान हो गया है।

ली चेंगझी कप जीतने के बाद छोटे डिंग लिरेन! | फोटो: डिंग लिरेन के अभिलेखागार

जोनाथन: जब आप युवा खिलाड़ी थे, तब आपने कोटोव की किताबों और राइबका इंजन से सीखा। अगर आप एक दशक बाद पैदा हुए होते, जब आधुनिक इंजन मौजूद हैं, तो क्या फर्क होता?

डिंग: शायद तब मैं अन्य खिलाड़ियों के खेल कम देखता और अधिक समय शक्तिशाली इंजनों के साथ विश्लेषण करने में बिताता। इससे कम मेहनत में बेहतर परिणाम हासिल करना संभव होता।

जोनाथन: एक समय ऐसा भी था जब आप मानव खिलाड़ियों के बजाय इंजनों के बीच खेले गए खेलों का अध्ययन करते थे।

डिंग: मुझे लगता है कि यही मेरी प्रशिक्षण शैली की खासियत है। आज के खिलाड़ियों की ताकत बहुत बढ़ गई है—आपको बराबरी की स्थिति में भी अवसर ढूँढना पड़ता है, जैसे पत्थर से पानी निकालना। इसके लिए इंजन जैसी सटीकता से खेलना जरूरी है। और सच कहूँ तो इंजन के बेहतरीन खेलों का अध्ययन करना भी उतना ही आनंददायक है जितना मानव खिलाड़ियों के महान खेलों को देखना।

जोनाथन: आप एक शांत और विश्लेषणात्मक व्यक्ति हैं। क्या कभी शुद्ध तर्क आपको ठंडा या खाली महसूस कराता है?

डिंग: स्टॉकफिश शतरंज की सर्वोच्च शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है—यह पूर्ण तर्कशीलता का प्रतीक है। लेकिन अलग-अलग एआई की अलग-अलग खेलने की शैली होती है। हम इन अलग-अलग इंजनों के माध्यम से शतरंज को अपनी शैली के साथ भी खेल सकते हैं। जैसा कि वांग शियाओबो ने बर्ट्रेंड रसेल को उद्धृत करते हुए कहा था—विविधता ही खुशी की कुंजी है।

जोनाथन: 2023 विश्व चैंपियनशिप मैच के दौरान आपने कहा था कि आपके मन में मिश्रित भावनाएँ थीं। जब प्रतिद्वंद्वी ने गलती की, तो आपको थोड़ा निराशा भी हुई कि खेल मानव त्रुटि से प्रभावित हो गया।

डिंग: यह बैडमिंटन जैसा है। जब जीत लगभग तय होती है, तो कभी-कभी आप वह शॉट भी लौटा देते हैं जो बाहर जा रहा होता। मुझे नहीं पता क्यों, लेकिन खेल के महत्वपूर्ण क्षणों में मैं परिणाम से ज्यादा प्रक्रिया को महत्व देता हूँ। मुझे लगता है कि सबसे सुंदर खेल दोनों खिलाड़ियों के संयुक्त प्रयास से बनते हैं।

विश्व शतरंज चैंपियनशिप 2023 की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिंग लिरेन | फोटो: अन्ना श्टूर्मन

जोनाथन: क्या आप कभी लीला नाइट ऑड्स जैसे इंजनों के खिलाफ खेलते हैं?

डिंग: नहीं, क्योंकि मुझे डर है कि इससे मानसिक रूप से झटका लग सकता है। मैंने केवल एक बार लीला क्वीन ऑड्स के खिलाफ 3+2 का गेम खेला था—और वह मैंने जीत लिया।

जोनाथन: क्या आपको ब्लिट्ज और रैपिड खेलना पसंद है?

डिंग: हाँ, मुझे काफी पसंद है। यह प्रतिस्पर्धी भी है और मनोरंजक भी। अभी मेरा पसंदीदा टाइम कंट्रोल 3+2 है, लेकिन ऑनलाइन अक्सर प्रतिद्वंद्वी नहीं मिलते, इसलिए कभी-कभी 3+0 खेलना पड़ता है। यह समय के दबाव में निर्णय लेने की क्षमता को परखता है।

“डिंग, मुझे आपकी एक फोटो लेने दीजिए” — विदित

समापन

जोनाथन: अपनी जिम्मेदारियों के अलावा आप इस समय सबसे ज्यादा क्या करना चाहते हैं?

डिंग: सबसे पहले इस इंटरव्यू को पूरा करना और फिर अभी चल रहे शीर्ष स्तर के खेलों को देखना।

जोनाथन: अगर आप अपने अतीत के स्वयं को सलाह दे सकते, तो क्या कहते?

डिंग: मैं अपने युवा स्वयं से कहता कि पढ़ाई पर थोड़ा और ध्यान देता और अकादमिक जीवन को जल्दी नहीं छोड़ता। इससे जीवन के बाद के वर्षों में और समृद्ध अनुभव मिल सकते थे। अक्सर लोग उन्हीं चीजों के बारे में सोचते रहते हैं जो उन्होंने नहीं कीं।

जोनाथन: आपने एक इंटरव्यू में “प्लांट्स वर्सेस ज़ॉम्बीज़” के किरदार का जिक्र किया था। क्या आपने वह गेम खेला है?

डिंग: हाँ, खेला है। आजकल कभी-कभी मैं एक फुटबॉल गेम भी खेलता हूँ, और बगहाउस शतरंज भी। मुझे लगता है कि शतरंज के इतने सारे वेरिएंट हैं कि वे अन्य ऑनलाइन गेम्स की जगह ले सकते हैं।

जोनाथन: विदेशों में खेलते समय आपका पसंदीदा खाना क्या रहा?

डिंग: रूस का लकड़ी की आग पर पकाया गया स्टेक। किसी जीत के बाद खुद को इनाम देने के लिए वह स्वाद मुझे बेहद पसंद है।

विश्व चैंपियन या विश्व-स्तरीय शेफ — फैसला आप करें… 👨‍🍳♟️

जोनाथन: आप पढ़ने के भी शौकीन हैं। हाल ही में कौन सी किताब पढ़ी?

डिंग: हाल में मैंने ज्यादा पढ़ा नहीं। लेकिन मैंने हाल ही में युआन ज़ी की किताब “व्हेयर डज़ द लाइट कम फ्रॉम?” पूरी की। इसके दार्शनिक हिस्से मुझे बहुत अच्छे लगे।

जोनाथन: अपने प्रशंसकों के लिए कोई संदेश?

डिंग: आप सभी के समर्थन के लिए धन्यवाद। अभी शांत रहना और खुद को तैयार करना—ताकि सही समय पर बेहतर वापसी हो सके।


  1. In Chinese, terms like (gē, older brother) or 姐 (jiě, older sister) refer literally to family members, but can also be used in familiar, non-familial relationships, e.g., between team or clubmates. In this case, 哥 expresses both closeness and respect for Ni Hua, who has been an older teammate, captain, and second to Ding.

  2. 军训 (jūn xùn) refers to mandatory military training for students in China. The training usually takes place over several weeks in the summer, before school starts.

  3. Literally translated, the idiom “韬光养晦” is something like “concealing the light, growing in darkness”. A common translation is “to conceal one’s strength and bide one’s time”. Regardless of its exact meaning, Ding’s chess return is something to look forward to.


क्या हम राजा की वापसी की उम्मीद कर सकते हैं?? | ग्राफिक: अनमोल भार्गव

लेखक के बारे में

जोनाथन झी

मैंने कॉलेज के दौरान पेशेवर शतरंज को फॉलो करना शुरू किया। बाद में मुझे एहसास हुआ कि कई दिलचस्प खिलाड़ी मीडिया में अपनी बात पूरी तरह नहीं रख पाते। इसलिए मैंने इंटरव्यू करना शुरू किया ताकि ऐसे खिलाड़ियों को अपने विचार, अनुभव और कहानियाँ साझा करने का अवसर मिल सके। यह यात्रा अभी शुरू हुई है—देखते हैं आगे कहाँ तक जाती है।

Underpromoted – जोनाथन झी की एक पहल

शतरंज में “अंडरप्रमोशन” का मतलब होता है कि प्यादे को क्वीन के अलावा किसी अन्य मोहरे में प्रमोट करना। “अंडरप्रमोशन” पहल का उद्देश्य उन शतरंज व्यक्तित्वों को सामने लाना है जिन्हें मीडिया में पर्याप्त जगह नहीं मिलती, और उन्हें अपने विचार, अनुभव और कहानियाँ साझा करने का अवसर देना है।

Youtube

Substack

Twitter

यह लेख हिंदी में निकलेश जैन नें अनुवाद किया है।





Contact Us