Clearance Sale is Live!

Get a FREE book on purchasing 2 or more books. Valid till 9th Aug.

Shop Books

clearance sale books banner
फीडे रेटिंग सूची अगस्त 2026 : अर्जुन और हम्पी विश्व के शीर्ष-10 में
न्यूज़ बाइट्स

फीडे रेटिंग सूची अगस्त 2026 : अर्जुन और हम्पी विश्व के शीर्ष-10 में

by Niklesh Jain 7 hours ago

अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फीडे) द्वारा जारी अगस्त 2026 रेटिंग सूची जारी हो गई है और शतरंज ओलंपियाड के ठीक पहले ओलंपियाड के महिला और पुरुष दोनों वर्गों के स्वर्ण पदक विजेता भारत नें अपना दूसरा स्थान बनाये रखा है । व्यक्तिगत श्रेणी में पुरुष वर्ग में अर्जुन एरिगैसी और महिला वर्ग में कोनेरू हम्पी विश्व के शीर्ष-10 खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे। वहीं भारत ने पुरुष, महिला और मिश्रित तीनों वर्गों में विश्व की दूसरी सर्वश्रेष्ठ शतरंज शक्ति का स्थान भी बरकरार रखा है।

पुरुष वर्ग में अर्जुन एरिगैसी 2759 रेटिंग के साथ विश्व नंबर 9 पर कायम हैं और वह शीर्ष-10 में शामिल भारत के एकमात्र खिलाड़ी हैं। चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स में शानदार प्रदर्शन के बाद उनकी क्लासिकल रेटिंग में दो अंकों का इजाफा हुआ। आर. प्रज्ञानानंदा विश्व नंबर 12, विश्वनाथन आनंद 13वें, निहाल सरीन 25वें और मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश 31वें स्थान पर हैं। जुलाई में चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स और क्रोएशिया ग्रैंड चेस टूर के बाद गुकेश की क्लासिकल रेटिंग में 14 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि रैपिड और ब्लिट्ज रेटिंग में उन्होंने सुधार किया।

भारत के कुल 14 खिलाड़ी विश्व के शीर्ष-100 क्लासिकल खिलाड़ियों में शामिल हैं। इनमें विदित गुजराती (33), अरविंद चितंबरम (42), प्रणेश एम (44), प्रणव वी (45), मुरली कार्तिकेयन (48), पेंटाला हरिकृष्णा (59), रौनक साधवानी (80), आर्यन चोपड़ा (87) और लियोन ल्यूक मेंडोंसा  (95) भी शामिल हैं।

महिला वर्ग में कोनेरू हम्पी विश्व नंबर 8 के साथ भारत की सर्वोच्च रैंक वाली खिलाड़ी बनी हुई हैं। उनके बाद दिव्या देशमुख (13), आर. वैशाली (14) और हरिका द्रोणावल्ली (21) विश्व के शीर्ष-30 में शामिल हैं। भारत की कुल 10 महिला खिलाड़ी विश्व के शीर्ष-100 में जगह बनाने में सफल रहीं। इनमें वंतिका अग्रवाल (47), आमुक्ता गुंटका (62), सविता श्री (65), शुभी गुप्ता (79), रक्षिता रवि (87) और पद्मिनी राउत (88) भी शामिल हैं।

हालांकि वैशाली की रेटिंग में बील इंटरनेशनल ट्रायथलॉन के बाद गिरावट दर्ज हुई, वहीं आमुक्ता गुंटका ने 25 रेटिंग अंकों का शानदार इजाफा किया। सविता श्री ने भी क्लासिकल, रैपिड और ब्लिट्ज तीनों प्रारूपों में उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की। दूसरी ओर, हरिका द्रोणावल्ली द्वारा एशियाई रैपिड एवं ब्लिट्ज चैंपियनशिप में जीते गए दो स्वर्ण पदकों का प्रभाव सितंबर की रेटिंग सूची में दिखाई देगा।

देशों की रैंकिंग में भारत ने एक बार फिर अपनी ताकत साबित की। पुरुष, महिला और मिश्रित तीनों वर्गों में भारत विश्व नंबर 2 पर बना हुआ है। पुरुष वर्ग में अमेरिका पहले स्थान पर है और भारत उससे केवल 18 एलो अंकों से पीछे है। महिला वर्ग में चीन शीर्ष पर है, जबकि मिश्रित रैंकिंग में भी चीन पहले और भारत दूसरे स्थान पर कायम है।



Contact Us