कबड्डी .. कबड्डी .. कबड्डी .. भारत बना विश्व चैम्पियन
23/10/2016 -शतरंज की तरह एक और खेल भारत में जन्मा जिसमें भारत की मिट्टी की ताकत भी है । हमारे देश में आज के इस क्रिकेटमयी युग में जंहा क्रिकेट के विश्व कप जीतने पर हम सब सड़कों पर निकलकर डांस करने लगते है आतिशबाज़ी करने लगते है कबड्डी में भारत का विश्व कप जीतना शायद उतनी बड़ी खबर ना समझी जाए पर कल रात जब मैंने हमारे देश में जन्मे इस खेल के फ़ाइनल मुक़ाबले में भारत को ईरान से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए देखा तो मन गर्व से भर उठा , देखा तो लगा शायद फुटबाल की तरह की फुर्ती ,बैडमिंटन की तरह की तेजी ,शतरंज की तरह बुद्धिमानी और एकाग्रता ,कुश्ती की तरह दांव लगाने की महारत और किसी भी अन्य खेल की तरह वापसी करने की क्षमता इस खेल में समाई हुई है और इसे खेलना जंहा काफी रोचक है तो इसे खेलने वालों की मेहनत किसी अन्य खेल के खिलाड़ी से ज्यादा ही मालूम पड़ती है । खैर भारत की कबड्डी टीम नें लगातार तीसरी बार कबड्डी का विश्व कप जीत लिया है और इससे पहले भारत एशियन खेलो में लगातार 7 स्वर्ण पदक जीत चुका है ! विश्व भर से प्रतिनिधित्व कर रही विभिन्न देशो की टीमों के बीच भारत की विश्व विजयी टीम को बधाई !!